तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा बोले- प्रशासन और पंचायतों के बेहतर समन्वय से होगा समस्याओं का त्वरित समाधान
ग्राम पंचायत भड़ोल में मंगलवार को पंचायत प्रधान राजेश शर्मा की अध्यक्षता में विशेष बैठक एवं मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लडभड़ोल के तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में उपप्रधान सनी चौहान, सभी वार्ड सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन और पंचायतों के बेहतर समन्वय पर जोर
तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने कहा कि तहसील प्रशासन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल से स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत स्तर पर आने वाली प्रशासनिक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा तथा उच्च स्तर से जुड़े मामलों को शीघ्र संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
पंचायत प्रधान राजेश शर्मा ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत के विकास और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करना था। उन्होंने तहसीलदार के समक्ष पंचायत की विभिन्न समस्याएं रखते हुए भड़ोल में स्थायी पंचायत सचिव और पटवारी की नियुक्ति की मांग की।
उन्होंने कहा कि भड़ोल तहसील की मुख्य पंचायत होने के बावजूद यहां स्थायी अधिकारियों की नियुक्ति नहीं है। अतिरिक्त कार्यभार के कारण विकास कार्यों और आम लोगों के राजस्व एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से जल्द स्थायी नियुक्तियां करने की मांग की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube