IMD ने कई जिलों में भारी बारिश, जलभराव और तेज हवाओं का जताया अनुमान, लोगों से सतर्क रहने की अपील
हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर अभी जारी रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) शिमला केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 10 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
इस दौरान कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में 10 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, फ्लैश फ्लड, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। इसके अलावा पहाड़ी सड़कों पर फिसलन, कम दृश्यता और यातायात प्रभावित होने की भी संभावना है। मौसम का असर बागवानी, कृषि और सामान्य जनजीवन पर भी पड़ सकता है।
किन्नौर और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं का अलर्ट
IMD ने बताया कि 10 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम विभाग व स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube