चुराह के तरैला में पहाड़ी से टकराकर रोका वाहन, गहरी खाई में गिरने से बची यात्रियों की जान
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तरैला क्षेत्र में एक टाटा सूमो (HP 01 H 1731) के अचानक ब्रेक फेल हो गए। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और वाहन को सड़क किनारे पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जहां वह एक बड़े पत्थर से टकराकर रुक गया।
चालक की इस समझदारी से वाहन गहरी खाई में गिरने से बच गया और कई लोगों की जान बच गई।
हादसे में छह लोग घायल
हालांकि हादसे में चालक सहित कुल छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में चालक जयदयाल, दीपिका, ममता, आर्यन, और सुंदरू को हल्की चोटें आई हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा में भर्ती कराया गया।
एक घायल टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे में मान सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा (कांगड़ा) रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय पटवारी द्वारा घटना की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि ब्रेक फेल होने के कारण टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube