शिमला I
हिमाचल प्रदेश की राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ शिमला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस की विशेष सेल (Special Cell) ने बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए न केवल नशा खरीदने वाले, बल्कि मुख्य सप्लायर तक पहुँचने में बड़ी सफलता हासिल की है।
मामले की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब विशेष सेल की टीम ने तारादेवी के समीप एक संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। इस दौरान 34 वर्षीय रिशव कुमार (निवासी कच्ची घाटी, शिमला) के कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया था। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है।
गिरफ्तार आरोपी रिशव कुमार से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन (Financial Transactions) की गहन जांच के बाद पुलिस को मुख्य सप्लायर की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि बादल उर्फ टिटला नामक व्यक्ति ने ही रिशव को नशे की यह खेप सप्लाई की थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 अप्रैल 2026 को आरोपी बादल उर्फ टिटला (पुत्र अमीर सिंह, निवासी गांव अलावांग, तहसील कोटखाई) को धर दबोचा। पुलिस जांच के अनुसार, बादल लंबे समय से रिशव को चिट्टा सप्लाई कर रहा था और दोनों के बीच अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त को लेकर बैंक खातों में लेन-देन के प्रमाण भी मिले हैं।
पुलिस ने बादल को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 27 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और बादल नशे की खेप कहां से लाता था।