पीर निगाह मंदिर विवाद पर पूर्व विधायक का जवाब, बोले- मंदिरों की राजनीति कांग्रेस नहीं करती; इनोवा गाड़ी मामले पर भी दी सफाई।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं ऊना के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने ऊना से भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न तो मंदिरों के नाम पर राजनीति करती है और न ही मंदिरों में आने वाले चढ़ावे को राजनीतिक मुद्दा बनाती है।
'मंदिर और चढ़ावे की राजनीति भाजपा करती है'
रायजादा ने कहा कि मंदिरों और चढ़ावे की राजनीति करना भाजपा की कार्यशैली रही है और विधायक सतपाल सत्ती इस बात को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर चढ़ावा विवाद ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गड़बड़ी किसने की है। उन्होंने कहा कि अब जनता सच्चाई समझ चुकी है और भाजपा की राजनीति बेनकाब हो गई है।
पीर निगाह मंदिर मामले में आरोपों को बताया निराधार
पीर निगाह मंदिर को लेकर सतपाल सत्ती द्वारा लगाए गए आरोपों को रायजादा ने पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि विधायक सत्ती जनता को गुमराह करने के लिए झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि इन आरोपों के खिलाफ सत्ती को कानूनी नोटिस भेजा जा रहा है।
इनोवा गाड़ी विवाद पर दी सफाई
अपने पास मौजूद इनोवा गाड़ी को लेकर उठे विवाद पर रायजादा ने कहा कि यह वाहन उन्होंने अपने निजी पैसों से खरीदा था। उन्होंने बताया कि यह गाड़ी उनके मित्र एवं पूर्व प्रधान स्वर्गीय श्याम से पूरी कानूनी प्रक्रिया और भुगतान के बाद खरीदी गई थी तथा इससे संबंधित सभी दस्तावेज उनके पास सुरक्षित हैं।
मानहानि के मामले में भी होगी कार्रवाई
पूर्व विधायक ने कहा कि झूठे आरोप लगाने के मामले में सतपाल सत्ती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सत्ती के विरुद्ध पहले से एक मानहानि का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और नए मामले को भी उसी के साथ जोड़कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube