मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

रोहड़ू नगर परिषद चुनाव: शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान, कुल 77.31% वोटिंग; महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा

सार

नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव-2026 के अंतर्गत मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई है।

2 मिनट
रोहड़ू नगर परिषद चुनाव: शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान, कुल 77.31% वोटिंग; महिलाओं ��ने पुरुषों को पछाड़ा

शिमला

नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव-2026 के अंतर्गत मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई है। लोकतंत्र के इस उत्सव में रोहड़ू के शहरी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद् के सभी 9 वार्डों में सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कुल मतदान प्रतिशत और वोटर्स का गणित

एसडीएम धर्मेश रामौत्रा के अनुसार, नगर परिषद् रोहड़ू में कुल 3,151 पंजीकृत मतदाताओं में से 2,436 मतदाताओं ने अपने वोट डाले, जिसके तहत शहर का कुल मतदान प्रतिशत 77.31 दर्ज किया गया।

इस चुनाव की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि आधी आबादी ने पुरुषों के मुकाबले अधिक जागरूकता दिखाई। कुल 1,652 पुरुष मतदाताओं में से 1,274 ने मतदान किया (77.12 प्रतिशत), जबकि 1,499 महिला मतदाताओं में से 1,162 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 77.52 प्रतिशत का आंकड़ा दर्ज कराया।

कोर्ट रोड क्षेत्र में दर्ज हुआ बंपर मतदान

वार्ड-वार विश्लेषण की बात करें तो रोहड़ू के अलग-अलग वार्डों में वोटिंग को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। वार्ड नंबर 7 (कोर्ट रोड क्षेत्र) में मतदाताओं ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया, जहां कुल 184 मतदाताओं में से 149 ने वोट डाले और यहाँ का कुल मतदान प्रतिशत 80.98 रहा,

जो सभी 9 वार्डों में सर्वाधिक है। इसके अलावा वार्ड नंबर 2 (अपर बाजार) 80.90 प्रतिशत और वार्ड नंबर 1 (दशालनी) 79.12 प्रतिशत मतदान के साथ शीर्ष पर रहे।

शक्तिनगर की महिलाओं ने बनाया रिकॉर्ड

इस चुनाव में वार्ड नंबर 9 (शक्तिनगर) ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। इस वार्ड में कुल 282 मतदाताओं में से 229 ने मतदान किया, जिससे यहाँ कुल 81.21 प्रतिशत वोटिंग हुई।

खास बात यह है कि इस वार्ड में महिला मतदान प्रतिशत सबसे अधिक 86.76 दर्ज किया गया, जो पूरे नगर परिषद चुनाव में महिला भागीदारी के लिहाज से सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। वहीं दूसरी ओर, वार्ड नंबर 6 (ब्लॉक क्षेत्र) में मतदाताओं में थोड़ा कम रुझान दिखा, जहाँ सबसे कम 68.38 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड हुआ।

सफल चुनाव के लिए प्रशासन ने जताया आभार

रिटर्निंग अधिकारी धर्मेश रामौत्रा ने बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न होने पर गहरी संतुष्टि व्यक्त की है। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में मुस्तैदी से तैनात रहे सभी पोलिंग स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों, स्थानीय पुलिस और सबसे बढ़कर रोहड़ू के प्रबुद्ध मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

प्रशासन के सहयोग से सभी ईवीएम (EVM) मशीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया है, जहां अब नतीजों का इंतजार है।

इस खबर को शेयर करें