मंडी I
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिया गया आपत्तिजनक बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन का स्पष्ट प्रमाण है।
देश के प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना लोकतांत्रिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है। यह बयान बताता है कि कांग्रेस नेतृत्व अब मुद्दों की राजनीति छोड़कर केवल स्तरहीन और व्यक्तिगत हमलों तक सिमट गया है।
राकेश जमवाल ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने इस तरह की भाषा का प्रयोग किया हो। इससे पहले राहुल गांधी द्वारा भी कई मौकों पर प्रधानमंत्री के खिलाफ “चौकीदार चोर है” जैसे नारे दिए गए, वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी प्रधानमंत्री के लिए “दुर्योधन” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर राजनीतिक मर्यादा को ठेस
पहुंचाई थी। इन उदाहरणों से साफ है कि कांग्रेस की पूरी राजनीति अब केवल अपमानजनक भाषा और व्यक्तिगत हमलों के इर्द-गिर्द घूम रही है।
उन्होंने कहा कि आज जब भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, तब इंडी गठबंधन के नेता देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देने से भी पीछे नहीं हट रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना न केवल दुर्भावनापूर्ण है, बल्कि देश की जनता और सुरक्षा बलों का भी अपमान है।
राकेश जमवाल ने कहा कि इंडी गठबंधन के पास न तो कोई ठोस एजेंडा है और न ही जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक दृष्टि। यही कारण है कि उनके नेता बार-बार इस तरह के विवादित और गैर-जिम्मेदाराना बयान देकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश करते हैं। लेकिन देश की जनता अब इन हथकंडों को भली-भांति समझ चुकी है और ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती।
राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस बयान पर तत्काल देश से माफ़ी मांगनी चाहिए और भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना बयानबाज़ी से बचना चाहिए। लोकतंत्र में आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन इस तरह की अमर्यादित भाषा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
देश की जनता ऐसे बयानों को सिरे से खारिज करती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने विश्वास को लगातार मजबूत करती जा रही है।