हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उस बयान पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदेश में "कांग्रेस का बीज नहीं बचेगा।" हमीरपुर में आयोजित बहुतकनीकी संस्थानों की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर पहुँचे धर्माणी ने कहा कि जनता ने भाजपा के अहंकार का जवाब उपचुनावों में दे दिया है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि जयराम ठाकुर और भाजपा ने प्रदेश की चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने की हर संभव कोशिश की थी, लेकिन जनता ने उन्हें कड़ा सबक सिखाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा भाजपा की साजिशों का नतीजा यह रहा कि आज उनके 6 पूर्व विधायक घर बैठे हैं, जबकि कांग्रेस सदन में 40 विधायकों के साथ मजबूती से खड़ी है।
कैबिनेट मंत्री ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की छवि को धूमिल करने के लिए भाजपा ने अरबों रुपये पानी की तरह बहा दिए, लेकिन राहुल गांधी की पदयात्रा और उनकी जन-जुड़ाव की नीति ने इन सभी प्रयासों को विफल कर दिया। धर्माणी ने दावा किया कि आगामी समय में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
प्रदेश में टोल टैक्स के विरोध पर स्पष्टीकरण देते हुए धर्माणी ने कहा जनता की मांग को देखते हुए सुक्खू सरकार ने बढ़ी हुई टोल दरों को वापस ले लिया है, इसलिए अब विरोध का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में भाजपा और उसका सहयोगी दल अकाली दल अपना वजूद खो चुके हैं। अब टोल टैक्स जैसे मुद्दों के बहाने भाजपा वहां अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की नाकाम कोशिश कर रही है।
भाजपा द्वारा पंचायत चुनाव के विरोध पर मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य पंचायतों में विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई वर्षों से पंचायतों के आरक्षित होने के कारण विकास की गति बाधित हो रही थी। सरकार ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उपायुक्तों को शक्तियां प्रदान की हैं, लेकिन भाजपा इस पर भी राजनीति कर लोगों को गुमराह कर रही है।