बिलासपुर।
किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कैंची मोड़ पर यातायात को सुगम बनाने के लिए निर्मित 1800 मीटर लंबी 'स्किप टनल' का ट्रायल आज से शुरू हो गया है। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने विधिवत रूप से हरी झंडी दिखाकर इस टनल का शुभारंभ किया।
यह टनल न केवल सफर की दूरी कम करेगी, बल्कि सुरक्षा के मामले में भी बेहद आधुनिक है। टनल के भीतर चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिसका कंट्रोल रूम से सीधा जुड़ाव रहेगा।
टनल के अंदर ताजी हवा और वेंटिलेशन के लिए विशेष ऑटोमैटिक सिस्टम स्थापित किया गया है। बेहतर विजिबिलिटी के लिए हाई-टेक लाइटिंग और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत सहायता के लिए इमरजेंसी एग्जिट व अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कैंची मोड़ अपनी कठिन चढ़ाई और संकीर्ण मोड़ों के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता था। इस टनल के शुरू होने से पर्यटकों और स्थानीय जनता के समय की बचत होगी। भारी वाहनों के कारण लगने वाले लंबे जाम से निजात मिलेगी।पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि फिलहाल टनल का ट्रायल शुरू किया गया है ताकि इसकी तकनीकी बारीकियों और सुरक्षा मानकों को परखा जा सके। ट्रायल सफल रहने के बाद इसे पूर्ण रूप से आम जनता और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में न केवल यातायात सुधरेगा बल्कि पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।