मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राजेंद्र राणा ने ‘नशा मुक्त भारत-2029’ रोडमैप को बताया राष्ट्रीय संकल्प, हिमाचल में प्रभावी लागू करने की मांग

सार

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘नशा मुक्त भारत-2029’ रोडमैप को युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम बताया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में भी इस अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने और नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

3 मिनट
राजेंद्र राणा ने ‘नशा मुक्त भारत-2029’ रोडमैप को बताया राष्ट्रीय संकल्प, हिमाचल में प्रभावी लागू करने की मांग

भाजपा नेता ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई, एनसीबी की विशेष इकाई स्थापित करने और युवाओं के पुनर्वास पर दिया जोर

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा प्रस्तुत ‘नशा मुक्त भारत-2029’ रोडमैप को देश की युवा पीढ़ी को नशे के खतरे से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ पूरे देश का राष्ट्रीय संकल्प है।

राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र सरकार ने नशे के विरुद्ध पहली बार इतनी व्यापक, वैज्ञानिक और बहुआयामी रणनीति तैयार की है। इसमें ड्रग माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी, ड्रग-फ्री कैंपस, पुनर्वास व्यवस्था, वित्तीय जांच, अंतरराज्यीय समन्वय और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

नशे के खिलाफ समाज और सरकार की साझेदारी जरूरी

राजेंद्र राणा ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल कानून के माध्यम से संभव नहीं है। इसके लिए परिवार, समाज, शिक्षण संस्थानों और सरकारों को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए स्पष्ट नीति और रोडमैप तैयार कर दिया है, जिससे राज्यों को भी प्रभावी कदम उठाने में मदद मिलेगी।

नशा और संगठित अपराध पर सख्ती की जरूरत

राजेंद्र राणा ने कहा कि विभिन्न राज्यों के मुख्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में भी नशे के कारोबार को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय माना गया है।

उन्होंने कहा कि नशे का नेटवर्क केवल युवाओं के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि संगठित अपराध और आतंकवाद को आर्थिक सहायता भी पहुंचा सकता है। इसलिए नशे और आतंकवाद दोनों के खिलाफ मजबूत समन्वय के साथ कार्रवाई जरूरी है।

हिमाचल में लागू हो ‘नशा मुक्त भारत’ मॉडल

भाजपा नेता ने हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग की कि केंद्र के ‘नशा मुक्त भारत-2029’ रोडमैप को प्रदेश में गंभीरता से लागू किया जाए।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में भी जनजागरूकता अभियान, नशा रोकथाम, पुनर्वास केंद्रों की मजबूती और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

नशे से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच जरूरी

राजेंद्र राणा ने कहा कि हाल के समय में प्रदेश के कुछ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के नाम नशे से जुड़े मामलों में सामने आने की बातें चिंता का विषय हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम जनता का विश्वास बना रहे और नशा तस्करों को किसी भी स्तर पर संरक्षण न मिल सके।

हिमाचल में एनसीबी की विशेष इकाई की उठाई मांग

राजेंद्र राणा ने कहा कि वह जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपकर हिमाचल प्रदेश में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की विशेष इकाई या क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने की मांग करेंगे।

उन्होंने कहा कि एनसीबी की मजबूत मौजूदगी से अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई, बेहतर खुफिया तालमेल और नशा तस्करों पर नियंत्रण संभव होगा।

युवाओं के पुनर्वास पर दिया जोर

राजेंद्र राणा ने कहा कि नशे की चपेट में आए युवाओं को अपराधी नहीं बल्कि पीड़ित के रूप में देखते हुए उन्हें उपचार, परामर्श, शिक्षा और रोजगार के अवसर देकर मुख्यधारा में वापस लाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, महिला मंडलों, युवा मंडलों और अभिभावकों को मिलकर ‘नशा मुक्त हिमाचल और भारत’ के लिए जनआंदोलन खड़ा करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित हिमाचल और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर शर्मा, महापौर शमशेर सिंह नैहरिया, जिला कांगड़ा संगठनात्मक अध्यक्ष सचिन शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु और बीडीसी चेयरमैन आलोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube


इस खबर के विषय

  • नशा मुक्त भारत
  • राजेंद्र राणा
  • युवाओं का पुनर्वास
  • राष्ट्रीय संकल्प
  • नशे के खिलाफ कार्रवाई
  • ड्रग माफिया
  • सामाजिक पहल

इस खबर को शेयर करें