कांगड़ा I
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज जिला कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पहुंचे। राहुल गांधी के आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा रहा।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने की अगवानी
एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश कैबिनेट के विभिन्न मंत्री, विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे। नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राहुल गांधी का अभिनंदन किया।
प्रशिक्षण शिविर के समापन में होंगे शामिल
राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे कांगड़ा में चल रहे 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के आखिरी दिन शिरकत करने के लिए यहां पहुंचे हैं।एयरपोर्ट से राहुल गांधी को कड़ी सुरक्षा के बीच कांगड़ा स्थित यात्री सदन ले जाया गया।एयरपोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एकत्र
हुए थे। जैसे ही राहुल गांधी का काफिला बाहर निकला, कार्यकर्ताओं ने 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारों से आसमान गुंजा दिया। युवाओं के उत्साह को देखते हुए राहुल गांधी ने अपनी गाड़ी का शीशा नीचे किया और हाथ जोड़कर सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
कांगड़ा में सियासी हलचल तेज
प्रशिक्षण शिविर के समापन पर राहुल गांधी की मौजूदगी से प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। शिविर के माध्यम से आगामी चुनावों और संगठन की मजबूती को लेकर रणनीति साझा की जा रही है। प्रशासन ने राहुल गांधी के प्रवास को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है।