सुजानपुर (हमीरपुर):
नगर परिषद सुजानपुर के चुनावों का बिगुल बजते ही कांग्रेस पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही पार्टी को उस वक्त बड़े झटके का सामना करना पड़ा, जब कांग्रेस द्वारा घोषित अधिकृत उम्मीदवार ने ही चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया।
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष वीना धीमान ने कांग्रेस प्रत्याशी बनने के प्रस्ताव को खारिज करते हुए निर्दलीय (आजाद) प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने का फैसला लिया है।
ब्लॉक अध्यक्ष की घोषणा के तुरंत बाद बगावत
बुधवार को सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने नगर परिषद चुनावों के लिए पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी की थी। इस सूची में वार्ड नंबर-8 से पूर्व अध्यक्ष वीना धीमान को कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित किया गया था। हालांकि, नाम सार्वजनिक होने के कुछ ही देर बाद वीना धीमान ने इसका कड़ा खंडन कर दिया।
वीडियो जारी कर किया खंडन
वीना धीमान ने प्रेस विज्ञप्ति और सोशल मीडिया पर अपना वीडियो संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस की उम्मीदवार नहीं हैं। उन्होंने कहा सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने जो मेरा नाम पार्टी उम्मीदवार के रूप में सार्वजनिक किया है, मैं उसका पूरी तरह खंडन करती हूँ।
मैं पार्टी का उम्मीदवार नहीं बनना चाहती। मैं वार्ड नंबर-8 से एक आजाद (निर्दलीय) प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरूंगी और अपनी जीत दर्ज करूँगी।
पार्टी की साख पर सवाल
दूसरी ओर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा का कहना है कि पार्टी ने गहन मंथन के बाद उम्मीदवारों की सूची फाइनल की थी। लेकिन ऐन वक्त पर वीना धीमान के इस फैसले ने सुजानपुर कांग्रेस की चुनावी रणनीति को संकट में डाल दिया है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल की कमी के कारण कांग्रेस को इस शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है।
वार्ड नंबर-8 बना हॉट सीट
पूर्व अध्यक्ष वीना धीमान के निर्दलीय चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद वार्ड नंबर-8 में मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। एक अनुभवी नेता का पार्टी से अलग होकर चुनाव लड़ना कांग्रेस के लिए सिरदर्द साबित हो सकता है, जबकि अन्य विपक्षी दल इस स्थिति का लाभ उठाने की ताक में हैं।