माइक्रोबायोलॉजी विभाग की शोधार्थी ने तोड़ा दम। हॉस्टल नंबर-10 के पास हुई घटना, छात्रों ने बिजली सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल।
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में मंगलवार को दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां माइक्रोबायोलॉजी विभाग की पीएचडी स्कॉलर ज्योति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी निवासी ज्योति के रूप में हुई है।
हादसे के बाद विश्वविद्यालय परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हॉस्टल नंबर-10 के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा गर्ल्स हॉस्टल नंबर-10 के पास हॉस्टल नंबर-8 और यूआईईटी को जोड़ने वाली सड़क से सटे कच्चे रास्ते पर हुआ।
करंट लगने के बाद ज्योति को तुरंत जीएमसीएच-16 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल करंट लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में बिजली सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पीएचडी छात्रा की मौत की खबर फैलते ही विश्वविद्यालय के छात्र आक्रोशित हो गए। विभिन्न छात्र संगठनों ने एकजुट होकर वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी वीसी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि परिसर में बिजली सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह की घटना में एक छात्र की करंट लगने से मौत हुई थी।
छात्रों ने मांग की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube