बिलासपुर स्थित साई ट्रेनिंग सेंटर के पूर्व खिलाड़ी और बॉक्सर बोबिन चौहान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रोमानिया के ब्रैइला में आयोजित गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में बोबिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
उनकी इस उपलब्धि से देश और हिमाचल प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित हुआ है।
साई ट्रेनिंग सेंटर पहुंचने पर हुआ सम्मान
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद बोबिन चौहान के साई ट्रेनिंग सेंटर बिलासपुर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
सेंटर प्रभारी विजय नेगी की अगुवाई में आयोजित सम्मान समारोह में बोबिन को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सेंटर के खिलाड़ियों और स्टाफ ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।
विजय प्रकाश नेगी के मार्गदर्शन में हासिल की सफलता
मूल रूप से मसली (रोहड़ू), जिला शिमला के रहने वाले बोबिन चौहान वर्ष 2017 से 2024 तक साई ट्रेनिंग सेंटर बिलासपुर के खिलाड़ी रहे।
उन्होंने वरिष्ठ बॉक्सिंग कोच एवं केंद्र प्रभारी विजय प्रकाश नेगी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण हासिल किया। कोच के निर्देशन में बोबिन ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन किया और प्रदेश का नाम रोशन किया।
भारतीय राष्ट्रीय शिविर में कर रहे प्रशिक्षण
वर्तमान में बोबिन चौहान सीनियर भारतीय राष्ट्रीय बॉक्सिंग शिविर, पटियाला में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि वह भारतीय राष्ट्रीय रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube