शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर पालमपुर में एक व्यक्ति से करीब 19.50 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने WhatsApp कॉल के जरिए पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाई। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर पालमपुर पुलिस थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस बैंक लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
15 से 20 फीसदी मुनाफे का दिया झांसा
शिकायत के अनुसार करीब एक माह पहले पीड़ित को WhatsApp पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने शेयर बाजार में निवेश करने पर 15 से 20 फीसदी तक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
अधिक रिटर्न के लालच में पीड़ित आरोपियों के झांसे में आ गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाने के लिए कहा।
पीड़ित के अनुसार उसने कई किस्तों में रकम ट्रांसफर की। इसमें कुछ पैसा उसके अपने बैंक खाते से, कुछ नकद और कुछ रकम दोस्तों के बैंक खातों के माध्यम से भेजी गई।
19.50 लाख लेने के बाद फोन बंद
इस तरह आरोपियों ने पीड़ित से कुल करीब 19.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने पीड़ित के फोन कॉल का जवाब देना बंद कर दिया। उनके मोबाइल नंबर भी बंद आने लगे।
काफी प्रयास के बाद भी आरोपियों से संपर्क नहीं हुआ तो पीड़ित को अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर पालमपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस लेनदेन से जुड़े बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपियों को ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं।
शेयर बाजार के नाम पर साइबर ठगी से कैसे बचें?
अनजान व्यक्ति की WhatsApp कॉल या सोशल मीडिया मैसेज के आधार पर निवेश न करें।
शेयर बाजार में गारंटीड या 15-20 फीसदी मुनाफे के दावे पर तुरंत भरोसा न करें।
निवेश से पहले कंपनी और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म की पूरी जानकारी जांचें।
किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर दूसरे बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर न करें।
दोस्तों या रिश्तेदारों के बैंक खातों के माध्यम से भी संदिग्ध लेनदेन करने से बचें।
OTP, UPI PIN, बैंक डिटेल और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
ठगी होने पर तुरंत बैंक को सूचना दें और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करवाएं।
समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को फ्रीज कराने की संभावना बढ़ सकती है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube