15 दिनों तक चली प्रतियोगिता में 64 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता टीम को 2,11,111 रुपये और उपविजेता को 1,11,111 रुपये की इनामी राशि व ट्रॉफी
उपमंडल पधर की ग्राम पंचायत सीयून के डायनापार्क खेल मैदान में आयोजित शहीद अजय मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया। 15 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में क्षेत्र सहित बाहरी स्थानों की कुल 64 टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह में द्रंग के पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। खेल मैदान में पहुंचने पर खेल कमेटी ने उनका और उनके साथ आए गणमान्य लोगों का स्वागत किया।
एशियन डायनामाइट शिमला ने जीता फाइनल
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एशियन डायनामाइट शिमला और देवभूमि डायनामाइट उत्तराखंड के बीच खेला गया। इसमें एशियन डायनामाइट शिमला की टीम विजेता रही, जबकि देवभूमि डायनामाइट उत्तराखंड को उपविजेता का स्थान मिला।
विजेता टीम को 2,11,111 रुपये की इनामी राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, उपविजेता टीम को 1,11,111 रुपये की इनामी राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने अपनी ओर से 41,000 रुपये की नकद राशि भी प्रदान की।
शहीद अजय कुमार को किया नमन
समारोह के दौरान पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने शहीद अजय कुमार को नमन करते हुए कहा कि अजय कुमार देश की सेवा करते हुए 9 अगस्त 2016 को जबलपुर में शहीद हुए थे, लेकिन वह आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
जवाहर ठाकुर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर खेलों की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में युवाओं को पूरे उत्साह के साथ खेल के मैदान में भाग लेते देखना अच्छा लगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन करने वाली समिति भी युवाओं की टीम है। उन्होंने आने वाले समय में खेल मैदान को और बेहतर बनाने की बात कही, ताकि यहां लगातार खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहें।
खिलाड़ियों और आयोजक समिति को किया सम्मानित
समारोह के दौरान पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने विजेता और उपविजेता टीमों सहित खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने आयोजक समिति और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर शहीद अजय कुमार के परिवारजन, बीडीसी सदस्य कुन्नू रूप लाल ठाकुर, ग्राम पंचायत चुक्कू की प्रधान चंद्रकांता, पंचायत टांडू के पूर्व प्रधान शुभम शर्मा, पूर्व उपप्रधान जय सिंह राणा कजौटधार, युवा नेता जीतू ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube