नूरपुर I
नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए अभियान में नूरपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस जिला नूरपुर की CIA-I टीम ने डमटाल क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों से 70 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पकड़े गए तीनों आरोपी पड़ोसी राज्य पंजाब के रहने वाले हैं।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि CIA-I की टीम भदरोया टोल टैक्स बैरियर के पास नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दुर्गा माता मंदिर (डमटाल) के पास तीन युवक नशीले पदार्थ के साथ किसी ग्राहक का इंतज़ार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। वहां मौजूद एक बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर, नं. PB-07-BX-5055) के पास खड़े तीन युवकों को घेरा गया।
पुलिस ने जब मोटरसाइकिल की गहनता से तलाशी ली, तो शातिरपन देखकर टीम भी हैरान रह गई। आरोपियों ने हेरोइन को मोटरसाइकिल के मीटर पैनल के भीतर छिपाकर रखा था। तलाशी के दौरान कुल 70 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी मनब कुमार पुत्र भरपूर सिंह, निवासी भदवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब), हरजोत सिंह पुत्र सूचा सिंह, निवासी हरदो खानपुर, जिला होशियारपुर (पंजाब), शमशून पुत्र तरसेम सिंह, निवासी लाभ नगर, जिला होशियारपुर (पंजाब)।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना डमटाल में NDPS Act की धारा 21, 25, 29, 61 और 85 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे स्थानीय क्षेत्र में किसे सप्लाई किया जाना था।
नूरपुर पुलिस नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। जिला की सीमाओं पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है और आने वाले दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। — कुलभूषण वर्मा, एसपी नूरपुर