हमीरपुर I
हमीरपुर जिले के उपमंडल बड़सर की पंचायत ग्यारह ग्रां के अंतर्गत सरियाली खड्ड में एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कड़े पर लिखे शब्दों और गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर मृतक की पहचान कर ली है। मृतक पंजाब का रहने वाला था और बाबा बालक नाथ मंदिर में सेवा के लिए आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, कुरयाह और भालत के बीच स्थित सरियाली खड्ड में सबसे पहले एक चरवाहे (गद्दी) ने शव को देखा। उसने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बड़सर पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य और सैंपल एकत्र किए।
शुरुआत में शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को मृतक के हाथ से एक कड़ा बरामद हुआ। इस कड़े पर पंजाबी में "सतनाम वाहेगुरु" अंकित था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने पंजाब में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल शुरू की, जिससे मृतक की पहचान अर्जुन सिंह (42) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी गांव भुधाबाद, तहसील मुकेरियां (होशियारपुर) के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि अर्जुन सिंह हर साल की तरह इस बार भी चैत्र मेलों के दौरान बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में लंगर सेवा के लिए आया था। 6 अप्रैल को अर्जुन ने साथियों से घर जाने की बात कही और वहां से निकला गया।
7 अप्रैल को घर न पहुँचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और थाना शाहतलाई में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। 20 अप्रैल को शव मिलने की सूचना पर परिजनों ने मौके पर पहुँचकर शिनाख्त की।
डीएसपी बड़सर, लालमन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।