शिमला:
हिमाचल प्रदेश हेडमास्टर्स कैडर ऑफिसर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में 834 प्रधानाचार्यों की पदोन्नति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इनमें 539 हेडमास्टर और 295 प्रधानाचार्य शामिल हैं। उन्होंने इसे शिक्षा विभाग में एक साथ की गई अब तक की सबसे बड़ी पदोन्नति बताया।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 151 स्कूलों में CBSE पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्णय की भी सराहना की। साथ ही इन स्कूलों में शिक्षकों की पारदर्शी तैनाती के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से सभी शिक्षकों को समान अवसर प्राप्त हुए हैं और इससे शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि इन स्कूलों को लेकर अभिभावकों और विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक रही है, जिसका प्रमाण बढ़ते नामांकन से साफ झलकता है। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के राज्य अध्यक्ष डॉ. रत्तन सिंह, महासचिव मुल्ख राज धीमान और वित्त सचिव बहादुर सिंह भी मौजूद रहे।