धर्मशाला:
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला ने बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) और पुनः जाँच (Re-checking) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने संबंधित विद्यालय के माध्यम से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड के अनुसार, पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति विषय ₹1000/- और पुनः जाँच के लिए ₹800/- शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 मई 2026 तय की गई है और इसके बाद किसी भी प्रकार का समय विस्तार नहीं दिया जाएगा। इसलिए छात्रों को समय-सीमा के भीतर ही आवेदन करने की सलाह दी गई है।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। साथ ही, यह प्रक्रिया केवल थ्योरी भाग के लिए लागू होगी, जिसमें MCQ प्रश्न शामिल नहीं होंगे। सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और बिना शुल्क के किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।