बिलासपुर।
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान एम्स (AIIMS) कोठीपुरा में सोमवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक वार्ड में तैनात अटेंडेंट ने एक महिला पर नुकीली वस्तु (छुरी) से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस थाना सदर को इस संबंध में एम्स पुलिस चौकी के माध्यम से सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
बिना किसी उकसावे के किया हमला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अंजु कुमारी (निवासी गांव धाडत, तहसील घुमारवीं) अपने बीमार पिता की देखभाल के लिए अस्पताल के वार्ड में ठहरी हुई थी। सोमवार रात (04.05.2026) को वार्ड में ही मौजूद विशालेंद्र नामक व्यक्ति ने अचानक अंजु पर फल/सब्जी काटने वाली छुरी से वार कर दिया।
आरोपी विशालेंद्र वहां एक अन्य मरीज संध्या देवी के साथ अटेंडेंट के रूप में आया था।
पिता पर भी किया हमले का प्रयास
पीड़िता ने बताया कि आरोपी के साथ उसका कोई पूर्व विवाद या जान-पहचान नहीं थी। आरोपी ने न केवल अंजु को घायल किया, बल्कि बीच-बचाव करने आए उसके बुजुर्ग पिता पर भी हमला करने की कोशिश की। वार्ड के भीतर हुए इस अचानक हमले से अस्पताल में हड़कंप मच गया और अन्य मरीज व तीमारदार सहम गए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया, जिससे अनहोनी टल गई।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी विशालेंद्र के खिलाफ थाना सदर बिलासपुर में अभियोग संख्या 102/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) और 351(2) के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इस हिंसक वारदात को अंजाम क्यों दिया और क्या वह किसी मानसिक तनाव या अन्य किसी प्रभाव में था। फिलहाल मामले की गहन छानबीन जारी है।