शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत भरे गए करीब 10 लाख फॉर्म्स का हिसाब मांगा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान 18 से 59 वर्ष की महिलाओं को हर महीने ₹1500 देने की गारंटी दी थी और इसके लिए बड़ी संख्या में महिलाओं से फॉर्म भरवाए गए, लेकिन आज तक इन फॉर्म्स की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना की घोषणा को दो साल से अधिक समय बीत चुका है, बावजूद इसके महिलाओं को कोई लाभ नहीं मिला। जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाएं अपने भरे गए फॉर्म्स का स्टेटस जानना चाहती हैं, क्योंकि उन्हें दस्तावेज तैयार करने और बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने में समय और पैसा खर्च करना पड़ा।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मनाली और सुलह में अप्रैल से राशि देने की घोषणा के बावजूद अब तक किसी महिला के खाते में पैसा नहीं पहुंचा, जबकि सरकार को बने 42 महीने से अधिक समय हो चुका है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि महिलाओं को अधिकार देने के बजाय सरकार उनकी योजनाएं बंद कर रही है। उन्होंने कहा कि शगुन, कन्यादान और बेटी है अनमोल जैसी योजनाएं ठप कर दी गई हैं, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं में भी अतिरिक्त शुल्क लगाए जा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि नारी शक्ति अपने साथ हुए कथित अन्याय को भूलेगी नहीं और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।