कांगड़ा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि सरकार द्वारा अलापा जा रहा 'व्यवस्था परिवर्तन' का राग धरातल पर पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है।
धर्मशाला से जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज की बदहाली और ठियोग में हुए कथित पानी घोटाले को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
जयराम ठाकुर ने कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ हृदय रोग विभाग (Cardiology) जैसे संवेदनशील विभाग की ओपीडी पर ताले लटके हैं।
दूर-दराज से आए बुजुर्ग और गंभीर हृदय रोगी बिना जांच और दवा के वापस लौटने को मजबूर हैं। एक तरफ सरकार कैथ लैब पर करोड़ों खर्च करने का दावा करती है, वहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण बुनियादी जांच तक ठप पड़ी है। क्या यही वह 'विश्व स्तरीय' स्वास्थ्य ढांचा है जिसका सपना मुख्यमंत्री दिखा रहे थे?
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष ने ठियोग उपमंडल में सामने आए 1.13 करोड़ रुपये के पानी घोटाले का जिक्र किया। विजिलेंस की जांच में खुलासा हुआ है कि पानी की आपूर्ति के लिए जिन टैंकरों के नंबर रिकॉर्ड में दर्ज थे, वे वास्तव में स्कूटर, मोटरसाइकिल और कारों के निकले।
बिना किसी सड़क मार्ग वाले गाँवों में भी पानी की सप्लाई दिखाकर फर्जी बिल बनाए गए। लेलू पुल के साफ पानी के बजाय नालों का गंदा पानी सप्लाई कर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया गया। इस घोटाले में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से लेकर एसडीएम कार्यालय तक के कर्मचारी संदेह के घेरे में हैं।
कांग्रेस के धर्मशाला मंथन शिविर और राहुल गांधी के प्रवास पर कटाक्ष करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा राहुल गांधी यहाँ मौज-मस्ती करके निकल गए। उनकी पार्टी के नेता ही उन्हें गंभीरता से नहीं लेते।
आलम यह था कि खुद कांग्रेस के कई नेताओं को शिविर के अंदर घुसने नहीं दिया गया और कार्यकर्ता बाहर इंतजार ही करते रह गए। राहुल गांधी पता नहीं किसका मार्गदर्शन कर रहे थे, जब उनकी अपनी ही पार्टी में समन्वय नहीं है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू की 'ज़िद' ने व्यवस्थाओं का सुधार करने के बजाय उनका पतन कर दिया है। साढ़े तीन साल के कार्यकाल में राज्य विकास के पैमाने पर कई वर्ष पीछे चला गया है।
उन्होंने कहा कि आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में जनता इस अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का करारा जवाब कांग्रेस को देगी। कांगड़ा प्रवास के दौरान जयराम ठाकुर का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान वे पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी के सुपुत्र के विवाह समारोह में भी शामिल हुए और नवदंपति को सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया।