शिमला I
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस की दबंगई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बालूगंज थाना के अंतर्गत तवी मोड़ पर वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) ने टैक्सी चालक के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि उसके सीने पर लात भी मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
घटना उस समय की है जब शिमला में वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद थी। टैक्सी चालक आशीष कुमार के अनुसार आशीष ने अपनी बाइक और कार तवी मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी की थी।
पुलिस ने उन्हें वाहन वहां से हटाने को कहा। जब आशीष ने वाहन तुरंत हटाने में असमर्थता जताई, तो पुलिसकर्मियों ने उनकी बाइक का चालान काटना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो अपने मोबाइल से बनाना शुरू किया, तो मौके पर मौजूद एएसआई भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उसकी छाती पर जोरदार लात मार दी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले का कड़ा संज्ञान लिया। पुलिस की छवि धूमिल होने के चलते उन्होंने आरोपी एएसआई को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर यह प्राथमिक कार्रवाई की गई है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
हालांकि वीडियो में पिटाई साफ दिख रही है, लेकिन पुलिस अब आधिकारिक तौर पर तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी है अभी तक संबंधित टैक्सी चालक के आधिकारिक बयान दर्ज नहीं किए गए हैं।
पुलिस यह भी स्पष्ट कर रही है कि यह घटना वास्तव में किस दिन और किस समय की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ-साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
राजधानी में इस तरह की घटना ने पुलिस और जनता के बीच के संबंधों पर सवालिया निशान लगा दिया है। टैक्सी यूनियन ने भी इस मामले में रोष व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है।