दो दिन से लापता था पूर्व प्रधान का बेटा रजनीश गौतम, घनौली के पास मिली थी लावारिस कार; पुलिस जांच में जुटी
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के नालागढ़ क्षेत्र की कुंडलू पंचायत से एक दुखद घटना सामने आई है। पंचायत के पूर्व प्रधान भगवती दास के 40 वर्षीय बेटे रजनीश गौतम का शव पंजाब के मरिंडा के पास एक नहर से बरामद हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रजनीश गौतम दो दिन पहले अपनी कार से ट्रक का टायर लेने अंबाला के लिए निकले थे। घर से निकलने के कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिसके बाद परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो 30 जुलाई को पंजाब के घनौली गांव के पास उनकी कार लावारिस हालत में मिली। इसके बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान शुक्रवार रात करीब 11 बजे पंजाब के मरिंडा के पास नहर से रजनीश गौतम का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube