विधायक अजय सोलंकी की पहल पर 20 पशुओं को कोटला बड़ोग गौशाला भेजा गया, आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए भी जल्द शुरू होगा विशेष अभियान
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में बेसहारा पशुओं की समस्या से राहत दिलाने और बेजुबान पशुओं के संरक्षण के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। विधायक अजय सोलंकी की पहल पर अब तक 42 पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाया जा चुका है।
इसी कड़ी में हाल ही में दो बड़ी गाड़ियों और एक पिकअप के माध्यम से 20 पशुओं को कोटला बड़ोग गौशाला भेजा गया। इससे पहले 22 पशुओं को गौशाला पहुंचाया गया था।
पशुओं को गौशाला भेजने से पहले स्वास्थ्य जांच
मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि पशुओं को गौशाला रवाना करने से पहले पशु चिकित्सक द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, ताकि उनकी सेहत और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि शहर को बेसहारा पशुओं की समस्या से मुक्त करने के लिए जनसहयोग जरूरी है। पशुपालकों को अपने पशुओं को सड़कों पर खुला छोड़ने के बजाय उनकी उचित देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
विधायक अजय सोलंकी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति का टैग लगा पालतू पशु खुले में आवारा घूमता हुआ पाया जाता है, तो संबंधित मालिक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में एफआईआर भी दर्ज होगी।
उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करें।
आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए शुरू होगा अभियान
नाहन शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए भी प्रशासन की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। विधायक ने बताया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी का कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाना है।
बेसहारा पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाने और आवारा कुत्तों की नसबंदी की पहल के माध्यम से शहर में पशु कल्याण और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर काम किया जा रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube