चम्बा।
हिमाचल प्रदेश का ऐतिहासिक शहर चम्बा आज साहसिक खेलों के रोमांच से सराबोर हो उठा। जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक मिलेनियम गेट से 'MTB चम्बा 2026' का शानदार शुभारंभ हुआ। इस माउंटेन बाइकिंग इवेंट को चम्बा के इतिहास में अब तक के सबसे बड़े साहसिक खेल आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।
डीसी चम्बा ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम में उपायुक्त (DC) चम्बा, मुकेश रेपसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। आयोजकों ने डीसी का स्वागत पारंपरिक चम्बा टोपी, पुष्पगुच्छ और इवेंट की आधिकारिक टी-शर्ट भेंट कर किया। इसके पश्चात, उन्होंने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
देशभर से जुटे 80 जांबाज राइडर्स
इस प्रतियोगिता में देश के 10 राज्यों और 20 से अधिक शहरों के लगभग 70 से 80 राइडर्स अपनी प्रतिभा और दम-खम का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता को कुल 5 श्रेणियों में बांटा गया है, जिसमें विजेताओं के लिए ₹2.25 लाख की कुल नकद पुरस्कार राशि रखी गई है।
शुभारंभ के अवसर पर शहर में 8 किलोमीटर लंबी हेरिटेज राइड निकाली गई, जो चम्बा के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों से गुजरी। इसने पर्यटकों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
पर्यटन और खेल की संभावनाओं को नई उड़ान
डीसी मुकेश रेपसवाल ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा प्रशासन का लक्ष्य चम्बा की प्राकृतिक सुंदरता और यहाँ की खेल संभावनाओं को विश्व मानचित्र पर स्थापित करना है। इस तरह के अभिनव प्रयासों से न केवल स्थानीय युवाओं को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि चम्बा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर स्पोर्ट्स का हब बनकर उभरेगा।
सुरक्षा और जागरूकता का अनूठा संगम
इस आयोजन की खास बात SDRF की भागीदारी रही। SDRF के 10 जवानों ने न केवल बतौर प्रतिभागी रेस में हिस्सा लिया, बल्कि आयोजन स्थल पर आपदा प्रबंधन उपकरणों की एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई। इसके माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के प्रति जागरूक किया गया।