हमीरपुर I
थाना सुजानपुर के अंतर्गत पंचायत दाडला भल की एक महिला, जो बीते रविवार से लापता थी, उसका शव गुरुवार देर रात व्यास नदी से बरामद कर लिया गया है। महिला का शव धौला सिद्ध परियोजना पॉइंट के पास पानी में तैरता हुआ पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे बाहर निकाला।
रविवार से लापता थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला रविवार को अपने घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने सुजानपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि महिला नदी में कूद सकती है, जिसके आधार पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया था।
कई दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन
महिला की तलाश में व्यास नदी, पुंग खड्ड और सीहोर वाला पुल सहित विभिन्न स्थानों पर गहन सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान में आलमपुर (कांगड़ा) की स्थानीय गोताखोर टीम। गृह रक्षा विभाग (Home Guards) के डाइवर्स। इन टीमों ने लगातार कई दिनों तक नदी में तलाश की, लेकिन काफी समय तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी।
धौला सिद्ध के पास मिला शव
गुरुवार रात को धौला सिद्ध परियोजना के पास स्थानीय लोगों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सुजानपुर पुलिस और गृह रक्षा विभाग की टीम ने रात के अंधेरे में ही चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला। जांच के बाद शव की शिनाख्त उसी गुमशुदा महिला के रूप में हुई।
पुलिस की कार्रवाई
सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया गया है।
परिजनों ने फिलहाल किसी भी व्यक्ति पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। — प्रकाश ठाकुर, थाना प्रभारी सुजानपुर