चम्बा के बैडमिंटन हॉल में शुरू हुई प्रतियोगिता में दूर-दराज क्षेत्रों के करीब 50 खिलाड़ी ले रहे भाग, प्रतिभाओं को आर्थिक मदद देगी एसोसिएशन
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली मिंजर बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ एसडीएम कार्यालय के समीप स्थित बैडमिंटन हॉल में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बैडमिंटन एसोसिएशन चम्बा के सचिव कुलदीप शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह के दौरान एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि का स्वागत और सम्मान किया गया। इसके बाद प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबलों की शुरुआत की गई।
अंडर-13 से अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता के पहले चरण में अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले शुरू हो गए हैं। इस खेल आयोजन में चम्बा शहर के अलावा खैरी, बनीखेत, भरमौर और सलूणी जैसे दूरदराज क्षेत्रों के लगभग 50 युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बेहतर प्रदर्शन के लिए अपनी तैयारियां दिखाई।
बैडमिंटन एसोसिएशन चम्बा के अध्यक्ष डॉ. अनिल शेखरी ने कहा कि मिंजर बैडमिंटन प्रतियोगिता लंबे समय से आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वेटरन खिलाड़ियों के लिए भी मुकाबले आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि बैडमिंटन जैसे खेलों से शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक विकास भी होता है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना को मजबूत करते हैं।
डॉ. अनिल शेखरी ने घोषणा की कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन चम्बा हर संभव वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया जा सके।
संगठन सचिव संभाल रहे आयोजन की जिम्मेदारी
इस बड़े खेल आयोजन की पूरी व्यवस्था और संचालन की जिम्मेदारी संगठन सचिव कमलेश शेखरी संभाल रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
मिंजर बैडमिंटन प्रतियोगिता के माध्यम से चम्बा में खेल प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube