पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। क्लब हाउस के समीप एक जिमनी वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरी खाई में गिरते हुए मनालसू नाले में जा पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, होटल प्रबंधक जयंत तिवारी, निवासी झलोड़ी (जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड) ने रात करीब एक बजे वाहन गिरने की तेज आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि काले रंग की जिमनी (एचपी-26ए-0011) सड़क से नीचे मनालसू नाले में गिरी हुई थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और राहत दल को दी गई।
हादसे में 32 वर्षीय रोहित कुमार, निवासी झीड़ी (जिला मंडी) और करूण बौद्ध, निवासी बजौरा (जिला कुल्लू) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला घायल हो गए। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
डीएसपी केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube