विकास खंड धर्मपुर की ग्राम पंचायत लोंगणी ने पंचायत क्षेत्र में सामाजिक अनुशासन, सुरक्षा और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नए नियम लागू किए हैं। पंचायत द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न गतिविधियों के लिए शुल्क और जुर्माने निर्धारित किए गए हैं। पंचायत ने सभी ग्रामीणों से इन नियमों का पालन करने की अपील की है।
इन गतिविधियों पर तय किया गया शुल्क और जुर्माना
पंचायत के अनुसार किन्नर रेट विवाह पर ₹2100 तथा बच्चे के जन्म की सूचना एवं संबंधित शुल्क ₹1100 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में ताश खेलने पर ₹500 और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए जाने पर ₹1000 का जुर्माना लगाया जाएगा।
किरायेदारों का पंजीकरण अनिवार्य
ग्राम पंचायत ने फेरी वालों के लिए ₹100 का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया है। साथ ही पंचायत क्षेत्र में रहने वाले सभी किरायेदारों का पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। पंचायत का कहना है कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड पंचायत के पास उपलब्ध रहेगा।
अनुशासन और सुरक्षा बढ़ाना उद्देश्य
ग्राम पंचायत लोंगणी के प्रधान पृथ्वी चंद ने बताया कि इन नियमों का उद्देश्य किसी पर अनावश्यक दबाव बनाना नहीं, बल्कि पंचायत क्षेत्र में कानून व्यवस्था, स्वच्छता, सामाजिक अनुशासन और सुरक्षा को मजबूत करना है। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत के नियमों का पालन करने और विकास कार्यों में सहयोग देने की अपील की।
'नियमों का पालन करें, जुर्माना देने से बचें'
पंचायत ने अपने संदेश में कहा है कि "नियमों का पालन करें, जुर्माना देने से बचें।" पंचायत का लक्ष्य सभी के सहयोग से क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाना है, ताकि गांव के समग्र विकास को बढ़ावा मिल सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube