सेब खरीद प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल, पहले चरण में शिमला के तीन क्षेत्रों से शुरुआत; अन्य जिलों में भी चरणबद्ध विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने सेब सीजन 2026-27 के लिए सी-ग्रेड सेब की खरीद का दायित्व हिमाचल प्रदेश हॉर्टिकल्चरल प्रोड्यूस मार्केटिंग एंड प्रोसेसिंग कॉरपोरेशन (HPMC) को सौंपा है। खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए एमआईएस (MIS) खरीद प्रणाली का पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया है। किसानों के लिए MIS ऐप पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।
HPMC के महाप्रबंधक अमन कुमार राणा ने बताया कि पहले चरण में शिमला जिले के रोहड़ू, जुब्बल और चौपाल में एप्पल कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा मंडी के चिंडी और चच्योट, कुल्लू तथा चंबा के चयनित क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से केंद्र शुरू किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार अन्य सेब उत्पादक क्षेत्रों में भी कलेक्शन सेंटर खोले जाएंगे।
MIS ऐप से मिलेगी अग्रिम जानकारी की सुविधा
सफल पंजीकरण के बाद किसान MIS ऐप के माध्यम से अपनी सी-ग्रेड सेब की अनुमानित मात्रा की अग्रिम जानकारी दे सकेंगे। साथ ही वे अपनी सुविधा के अनुसार निकटतम एप्पल कलेक्शन सेंटर का चयन भी कर पाएंगे, जिससे HPMC खरीद व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित कर सकेगा।
मोबाइल, कंप्यूटर और लोकमित्र केंद्र से होगा पंजीकरण
किसान मोबाइल ऐप, लैपटॉप या डेस्कटॉप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ग्राम पंचायतों का सहयोग लिया जा रहा है और लोकमित्र केंद्रों को भी MIS प्रणाली से जोड़ा जा रहा है, ताकि किसानों को पंजीकरण और अन्य सेवाओं में सहायता मिल सके।
हिमफेड भी संचालित कर रहा कलेक्शन सेंटर
Himfed भी आवश्यकता के अनुसार रामपुर, आनी, जुब्बल, ठियोग और जोगिंद्रनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में एप्पल कलेक्शन सेंटर संचालित कर रहा है। HPMC ने सभी सेब उत्पादकों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube