मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

कांगड़ा में शुरू होगा ‘मुकदमा-मुक्त गांव’ अभियान, सामुदायिक मध्यस्थता से सुलझेंगे ग्रामीण विवाद

सार

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की ‘सामुदायिक मध्यस्थता: मुकदमा-मुक्त ग्रामीण भारत की ओर’ परियोजना के दूसरे चरण के तहत कांगड़ा जिले के पांच गांवों का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षित सामुदायिक मध्यस्थ आपसी संवाद के जरिए छोटे विवादों का समाधान करेंगे, जिससे अदालतों पर मुकदमों का बोझ कम होगा।

2 मिनट
कांगड़ा में शुरू होगा ‘मुकदमा-मुक्त गांव’ अभियान, सामुदायिक मध्यस्थता से सुलझेंगे ग्रामीण विवाद

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल के तहत कांगड़ा के पांच गांवों का होगा चयन, 12 माह तक नया मुकदमा नहीं होने पर मिलेगा ‘मुकदमा-मुक्त गांव’ का दर्जा

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘सामुदायिक मध्यस्थता: मुकदमा-मुक्त ग्रामीण भारत की ओर’ के दूसरे चरण की शुरुआत देशभर में की जा रही है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भी इस परियोजना को लागू किया जाएगा, जिसके तहत पांच गांवों का चयन किया जाएगा।

यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) कांगड़ा के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे और सामुदायिक विवादों का आपसी संवाद और सहमति के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।

पांच गांवों में चुने जाएंगे सामुदायिक मध्यस्थ

आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए कांगड़ा जिले के पांच गांवों का चयन किया जाएगा। इन गांवों में समाज के सम्मानित और समाजसेवी व्यक्तियों को सामुदायिक मध्यस्थ बनाया जाएगा।

इन चयनित मध्यस्थों को प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से ग्रामीण स्तर के विवादों का समाधान कर सकें।

12 महीने तक नया मुकदमा नहीं तो मिलेगा ‘मुकदमा-मुक्त गांव’ का दर्जा

परियोजना के तहत यदि किसी चयनित गांव में लगातार 12 महीने तक कोई नया मामला न्यायालय में दर्ज नहीं होता या अधिकतर विवाद सामुदायिक मध्यस्थता के माध्यम से सफलतापूर्वक सुलझा लिए जाते हैं, तो उस गांव को ‘मुकदमा-मुक्त गांव’ घोषित किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य अदालतों पर बढ़ते मुकदमों का बोझ कम करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समरसता और न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है।

जनभागीदारी की अपील

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। प्राधिकरण का कहना है कि सामुदायिक मध्यस्थता को सफल बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव होगा और ‘मुकदमा-मुक्त ग्रामीण भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में मदद मिलेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • Kangra
  • Litigation-Free Village
  • Community Mediation
  • Rural Disputes
  • NALSA
  • Legal Services
  • Conflict Resolution

इस खबर को शेयर करें