बंजार में नवनिर्वाचित पंचायतीराज प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, चंबा मेडिकल कॉलेज में बच्चे की मौत को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सोमवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सुक्खू सरकार पर पंचायत चुनावों में देरी करने और पंचायतीराज संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने चुनाव न करवाने के लिए हर तरह के प्रयास किए, लेकिन भाजपा ने इसका विरोध किया और मामला कोर्ट तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि सरकार को चुनाव करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को पहले से पता था कि पंचायत चुनाव होने पर कांग्रेस की स्थिति प्रदेश में सामने आ जाएगी और सरकार के कथित ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के दावों की पोल खुल जाएगी।
पंचायतों को लोकतंत्र की मजबूत कड़ी बताया
नेता प्रतिपक्ष ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लंबी लड़ाई के बाद उन्हें यह अवसर मिला है। पंचायतें गांवों के विकास, जनभागीदारी और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने-अपने क्षेत्रों की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतों के माध्यम से गांवों के विकास को नई गति और मजबूती मिलेगी।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार काम करने के बजाय काम रोकने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी कोई बड़ी योजना नहीं चला पाए हैं और पूर्व भाजपा सरकार की योजनाओं को बदनाम करने का काम किया जा रहा है।
कोविड के दौरान पंचायत चुनाव करवाने का किया जिक्र
जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को साजिश और षड्यंत्र करने में माहिर बताते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री ने इस बात को सच साबित किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कोविड जैसी विषम परिस्थितियों में भी पंचायत चुनाव करवाए थे, क्योंकि उनकी सरकार की संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में पूरी आस्था थी। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने साजिशन पंचायत चुनावों को रोकने और टालने का प्रयास किया।
2027 में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का आह्वान
नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से पंचायत से लेकर विधानसभा तक कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश से उखाड़ फेंकना है और भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापस लाना है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है और 2027 में कांग्रेस कहीं नजर नहीं आएगी।
इस मौके पर भाजपा उपाध्यक्ष एवं कुल्लू प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी, मंडी जिला सह प्रभारी भीमसेन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम, ब्लॉक समिति अध्यक्ष लता ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष धनवंती, नगर परिषद सदस्य अनिल राणा, कुसुमलता सहित ब्लॉक समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चंबा मेडिकल कॉलेज में बच्चे की मौत पर भी सरकार को घेरा
जयराम ठाकुर ने चंबा मेडिकल कॉलेज में इलाज के अभाव में बच्चे की मौत के मामले को भी बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार की उचित व्यवस्था नहीं मिलने के कारण मासूम की मौत होना व्यवस्था की नाकामी को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के कार्यकाल में इलाज में लापरवाही और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को ऐसी घटनाओं से सबक लेकर व्यवस्था में सुधार करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय लीपापोती का रवैया अपनाया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि एक ओर लोगों को अस्पतालों में समय पर इलाज नहीं मिल रहा, वहीं नेशनल हेल्थ मिशन और केंद्र सरकार से हिमाचल को मिली धनराशि खर्च नहीं हो पाने के कारण वापस जा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube