मंडी।
मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सहारा योजना के एक लाभार्थी को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाकर उसकी पेंशन बंद करने के मामले को सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बताया।
मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र के छड़यांद निवासी सुरेश कुमार जीवित हैं, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत घोषित कर सहारा योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता रोक दी गई।
उन्होंने इसे सरकार की "सबसे बड़ी और नीचतम हरकत" करार देते हुए कहा कि आर्थिक तंगी का हवाला देकर सरकार जनहितकारी योजनाओं के लाभार्थियों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही है।
सहारा और हिमकेयर योजनाओं को बदनाम करने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कैंसर और पैरालिसिस जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए सहारा योजना किसी जीवनदायिनी राहत से कम नहीं थी। ऐसे संवेदनशील मामलों में लापरवाही सरकार की कार्यशैली और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार भाजपा शासनकाल में शुरू की गई सहारा योजना और हिमकेयर जैसी लोकप्रिय योजनाओं को बजट में कटौती कर कमजोर करने और दुष्प्रचार के माध्यम से बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
सोशल मीडिया सेल पर साधा निशाना
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने विपक्ष और भाजपा नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार के लिए विशेष सोशल मीडिया सेल बना रखा है, जिस पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना चाहिए, न कि विपक्ष को निशाना बनाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि जनता के दिलों में जगह बनाने के लिए दुष्प्रचार नहीं, बल्कि साफ नीयत और सेवा भावना की आवश्यकता होती है।
"हमारी विकास की लकीर मिटाने की कोशिश न करें"
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वर्तमान सरकार अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में विकास की नई लकीर नहीं खींच पाई है तो कम से कम पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को कमजोर करने का प्रयास न करे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि किन योजनाओं से उन्हें लाभ मिला और वर्तमान सरकार की किन नीतियों से उन पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
पंचायत समिति चुनावों में भाजपा ने जताया भरोसा
इस दौरान जयराम ठाकुर ने जंजैहली और बालीचौकी पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने दावा किया कि दोनों स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने में सफल रहेगी।
बैठक के दौरान द्रंग के भाजपा विधायक पूर्ण चंद ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी संगठन की मजबूती और पंचायत स्तर पर भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता का दावा किया।