धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की अनुपूरक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार परीक्षाएं 3 जुलाई से शुरू होंगी। विशेष अवसर वाले विद्यार्थी भी इन परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे। परीक्षा का समय सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।
10वीं की परीक्षाएं 10 जुलाई तक
बोर्ड अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि 10वीं कक्षा की अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से 10 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी। गणित का पेपर 3 जुलाई को होगा, जबकि संस्कृत और पंजाबी की परीक्षा 4 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
अंग्रेजी और हिंदी के पेपर क्रमशः 6 और 7 जुलाई को होंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सामाजिक विज्ञान, होम साइंस, आईटीईएस और कंप्यूटर साइंस की परीक्षाएं 8 से 10 जुलाई तक संपन्न होंगी।
12वीं की परीक्षाएं 16 जुलाई तक
12वीं कक्षा की अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से 16 जुलाई तक चलेंगी। अंग्रेजी की परीक्षा 3 जुलाई को होगी, जबकि 4 जुलाई को अकाउंटेंसी, फिजिक्स और संस्कृत विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इतिहास, बायोलॉजी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिंदी और गणित की परीक्षाएं 6 से 10 जुलाई तक होंगी। अन्य विषयों की परीक्षाएं 13 से 16 जुलाई के बीच आयोजित की जाएंगी।
ए, बी और सी सीरीज में होंगे प्रश्नपत्र
बोर्ड ने बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षाओं के प्रमुख विषयों के प्रश्नपत्र ए, बी और सी सीरीज में होंगे। बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने के लिए परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट भी उपलब्ध करवाई जाएगी।