जोगिंदरनगर।
जोगिंदरनगर उपमंडल के ऐहजू क्षेत्र स्थित एक निजी क्लिनिक में हुई नकदी चोरी के मामले को मंडी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जून 2026 को पुलिस चौकी घट्टा (चौंतड़ा), थाना जोगिंदरनगर को डॉ. राकेश कुमार शर्मा निवासी पपरोला की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया था कि ऐहजू स्थित उनके निजी क्लिनिक में अज्ञात व्यक्तियों ने गल्ला तोड़कर लगभग 60 से 70 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर थाना जोगिंदरनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की और तकनीकी तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में संलिप्त राहुल उर्फ भीमा, अविनाश उर्फ अव्वू और आदित्य को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 3(5) भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश होंगे आरोपी
पुलिस के अनुसार चोरी की राशि की बरामदगी तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के लिए आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसी उद्देश्य से तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक मंडी ने बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस चोरी से संबंधित अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।