मण्डी
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मण्डी के इतिहास विभाग एवं इतिहास सोसाइटी द्वारा मण्डी की 500 वर्षों की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत को समर्पित वार्षिक समारोह 'इतिहासोत्सव-2026' एवं 'विरासत के पदचिन्ह' कार्यक्रम का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया।
इस समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य (डॉ.) ललित कुमार अवस्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण आचार्य (डॉ.) राजेश कुमार शर्मा ने की।
विरासत संरक्षण और शोध का प्रेरक मंच
मुख्य अतिथि डॉ. ललित कुमार अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि 'इतिहासोत्सव-2026' केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक चेतना और ऐतिहासिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक सीख का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्वालियर यात्रा के संस्मरणों पर आधारित 'विरासत के पदचिन्ह' वृत्तचित्र और प्रकाशन का लोकार्पण भी किया।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह के दौरान विभाग के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी का पुरस्कार दीपक दीपांशु को प्रदान किया गया। इसके साथ ही नेट-सेट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्रों (जितेन, कर्मा, नीतिका, शिवानी आदि) और विभिन्न सत्रों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी पुरस्कार भेंट किए गए।
पहाड़ी नाटी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण पारंपरिक पहाड़ी नाटी रही, जिसमें विद्यार्थियों ने हिमाचली संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त, पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शन (Fashion Show), सयम राय का एकल गीत और आकृति व सपना के शास्त्रीय नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन दीपक दीपांशु, स्मृति शर्मा और सुहानी ने प्रभावी ढंग से किया।
विभागीय प्रगति की समीक्षा
इससे पूर्व, विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने वार्षिक विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें वर्षभर की शैक्षणिक, शोध और सामाजिक गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया।
सोसाइटी के अध्यक्ष शानू कुमार ने स्वागत भाषण दिया और सचिव लखविंदर सिंह ने अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता अकादमिक मामले डॉ. पवन चन्द, डॉ. सनील ठाकुर, सहायक आचार्य डॉ. जगदीप वर्मा, डॉ. चेतन चौहान सहित 'इंटेक' के प्रतिनिधि और भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।