मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गुरुवार को मंडी में खेल जगत की उभरती प्रतिभाओं से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने नेपाल के काठमांडू में आयोजित 7वीं एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक (Silver Medal) जीतकर लौटीं प्रदेश की दो बेटियों की उपलब्धि को सराहा और उन्हें बधाई दी।
सराज और कोटली की बेटियों ने लहराया परचम
सम्मान समारोह के दौरान जयराम ठाकुर ने विशेष रूप से सराज विधानसभा क्षेत्र के शिकावरी की सुश्री होमानी और मंडी के कोटली क्षेत्र की सुश्री रेखा से मुलाकात की। इन दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने दोनों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा
खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना कोई साधारण बात नहीं है। उन्होंने कहा, होमानी और रेखा ने अपनी कड़ी मेहनत से यह सिद्ध कर दिया है कि हिमाचल की ग्रामीण प्रतिभाएं अगर ठान लें, तो दुनिया के किसी भी कोने में तिरंगा फहरा सकती हैं।
इन दोनों बेटियों की यह सफलता प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर
भेंट के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों और भविष्य के लक्ष्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी ये बेटियाँ अपनी खेल क्षमता से प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी। ठाकुर ने जोर देकर कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए उचित मंच और सुविधाओं का होना आवश्यक है।