मंडी।
जिला मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान स्थित बैडमिंटन हॉल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'पेंचक सिलाट एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश' द्वारा राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का सफल आयोजन किया गया।
इस ट्रायल के माध्यम से नासिक (महाराष्ट्र) और शिलांग (मेघालय) में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम का चयन किया गया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह आज़ाद ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में मंडी, कुल्लू, काँगड़ा, बिलासपुर और सिरमौर जिलों के लगभग 100 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने
भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महाराष्ट्र के नासिक में 25 से 28 जून तक आयोजित होने वाली 14वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की घोषणा कर दी गई है। लड़कियों के वर्ग में कुल्लू की इशिका, बिलासपुर की अर्पिता, मंडी की तमन्ना, ज्योति, अंजलि और काँगड़ा की श्रेया ठाकुर का चयन हुआ है।
वहीं लड़कों के वर्ग में बिलासपुर के वेदांत शर्मा, मंडी के रोहित, अर्णव, परीक्षित, वरुण, उत्कर्ष सहित सिरमौर के आरव और सूर्यांश नेशनल लेवल पर हिमाचल की चुनौती पेश करेंगे।
सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय टीम भी घोषित कर दी गई है, जो 6 से 8 जुलाई तक शिलांग (मेघालय) में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेगी। सीनियर महिला वर्ग में मंडी की दीपाली, कल्पना, विपाशा और बिलासपुर की ईशा पटयाल, अंजलि सहित काँगड़ा की राशि और सिरमौर की सहना चयनित हुई हैं।
पुरुष वर्ग में मंडी के हर्षित, रोहन, समीर, आर्यन और बिलासपुर के ऋषभ चौहान, मान सिंह व आकाश चंदेल जैसे अनुभवी खिलाड़ी अपनी तकनीक और कौशल का जलवा बिखेरेंगे।
टीम के शानदार चयन पर एसोसिएशन के चेयरमैन एच डी पंचानी, अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह आज़ाद, उपाध्यक्ष बृज लाल चौहान और महासचिव मोहम्मद जावेद सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और वे अब आगामी मुकाबलों के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।