मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

IIT मंडी का शोध: बेहोशी की दवा पर पौधों की कोशिकाओं में इंसानों जैसी क्रमिक प्रतिक्रिया का खुलासा

सार

आईआईटी मंडी के वैज्ञानिकों के शोध में खुलासा हुआ है कि बेहोशी की दवा देने पर पौधों की कोशिकाएं भी इंसानी शरीर की तरह क्रमवार प्रतिक्रिया देती हैं। यह अध्ययन प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हुआ है और चेतना को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

2 मिनट
IIT मंडी का शोध: बेहोशी की दवा पर पौधों की कोशिकाओं में इंसानों जैसी क्रमिक प्रतिक्रिया का खुलासा

एडवांस्ड बायोलॉजी और केमिकल एंड बायोमेडिकल इमेजिंग में प्रकाशित अध्ययन में पाया गया कि टमाटर और बैंगन के पौधों की कोशिकाएं एनेस्थीसिया पर एक साथ और क्रमबद्ध तरीके से प्रतिक्रिया करती हैं

मंडी: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मंडी के वैज्ञानिकों ने एक महत्वपूर्ण शोध में पाया है कि बेहोशी की दवा (एनेस्थीसिया) के प्रभाव में पौधों की कोशिकाएं भी इंसानी शरीर की तरह एक निश्चित क्रम में प्रतिक्रिया देती हैं। यह अध्ययन वैज्ञानिक पत्रिकाओं Advanced Biology और Chemical and Biomedical Imaging में प्रकाशित हुआ है।

इस शोध का नेतृत्व संस्थान के निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा, प्रोफेसर चयान कांति नंदी और उनकी टीम ने किया।

टमाटर और बैंगन के पौधों पर किया गया अध्ययन

शोध के दौरान वैज्ञानिकों ने टमाटर और बैंगन के पौधों की जड़ों का सूक्ष्म अध्ययन किया। आधुनिक माइक्रोस्कोपी तकनीक की मदद से जीवित कोशिकाओं में होने वाले बदलावों को बारीकी से देखा गया।

अध्ययन में पाया गया कि एनेस्थीसिया देने के बाद सबसे पहले कोशिका का ऊर्जा उत्पादन करने वाला भाग प्रभावित हुआ। इसके बाद अन्य हिस्से क्रमशः निष्क्रिय होते गए और अंत में कोशिका का केंद्र (न्यूक्लियस) प्रभावित हुआ।

उल्टे क्रम में लौटती हैं कोशिकाएं सामान्य स्थिति में

जब दवा का असर खत्म हुआ, तो यही प्रक्रिया उल्टे क्रम में हुई और कोशिकाएं धीरे-धीरे अपनी सामान्य स्थिति में लौट आईं। वैज्ञानिकों के लिए सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सभी कोशिकाओं के केंद्रों में लगभग एक ही समय पर समान परिवर्तन दिखाई दिए।

सामान्य स्थिति में कोशिकाओं के केंद्र अलग-अलग दिशाओं में रहते हैं, लेकिन दवा के प्रभाव में वे एक समान अवस्था में आ गए। साथ ही डीएनए का सक्रिय हिस्सा भी कोशिका के बाहरी हिस्से की ओर खिसक गया।

चेतना को समझने की दिशा में अहम संकेत

वैज्ञानिकों का मानना है कि यह सामूहिक और समन्वित प्रतिक्रिया चेतना (consciousness) को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकती है, हालांकि इस पर और गहन शोध की आवश्यकता है।

प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा के अनुसार, यह अध्ययन इस विचार के करीब जाता है कि चेतना केवल मस्तिष्क तक सीमित नहीं हो सकती, बल्कि विभिन्न जीवों की कोशिकाओं में भी किसी न किसी रूप में मौजूद हो सकती है।

आगे अन्य जीवों पर भी अध्ययन

शोधकर्ता अब सी. एलिगेंस (C. elegans) नामक सूक्ष्म गोलकृमि पर भी इसी तरह के प्रयोग कर रहे हैं। यदि वहां भी समान परिणाम मिलते हैं, तो यह जीव विज्ञान और चेतना के अध्ययन में एक बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि साबित हो सकती है।

इस खबर के विषय

  • IIT मंडी
  • अनुसंधान
  • पौधों की कोशिकाएं
  • एनेस्थीसिया
  • टमाटर
  • बैंगन
  • बायोलॉजी
  • केमिकल इमेजिंग

इस खबर को शेयर करें