मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

IIT मंडी की बड़ी उपलब्धि, अब सामान्य भाषा में दिए निर्देश समझकर काम करेगा रोबोट; हिंदी भी जल्द होगी शामिल

सार

आईआईटी मंडी के शोधकर्ताओं ने ‘इंस्ट्रक्ट 2 एक्ट’ तकनीक विकसित की है, जो रोबोट को सामान्य भाषा में दिए निर्देश समझकर खुद काम के छोटे-छोटे चरण तय करने में सक्षम बनाती है। तकनीक का वास्तविक रोबोट पर 80 बार परीक्षण किया गया, जिसमें 72 परीक्षण सफल रहे। फिलहाल यह अंग्रेजी भाषा के निर्देश समझती है और भविष्य में हिंदी समेत अन्य भारतीय भाषाओं को शामिल करने की योजना है।

4 मिनट
IIT मंडी की बड़ी उपलब्धि, अब सामान्य भाषा में दिए निर्देश समझकर काम करेगा रोबोट; हिंदी भी जल्द होगी शामिल

‘इंस्ट्रक्ट 2 एक्ट’ तकनीक से रोबोट खुद तय करेगा काम का क्रम, 80 परीक्षणों में 72 सफल; अस्पतालों और उद्योगों में इस्तेमाल की उम्मीद

आईआईटी मंडी के शोधकर्ताओं ने रोबोटिक्स के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण तकनीक विकसित की है। ‘इंस्ट्रक्ट 2 एक्ट’ नाम की यह तकनीक रोबोट को इंसान की सामान्य भाषा में दिए गए निर्देश समझने और उनके अनुसार खुद कार्रवाई करने में सक्षम बनाती है।

इस तकनीक के आने के बाद रोबोट से किसी काम को करवाने के लिए हर चरण की अलग-अलग प्रोग्रामिंग करने की जरूरत नहीं होगी। इंसान रोबोट को सामान्य भाषा में काम बताएगा और सिस्टम खुद यह तय करेगा कि उस काम को किस क्रम में पूरा करना है।

फिलहाल यह प्रणाली केवल अंग्रेजी भाषा में दिए गए निर्देशों को समझती है। भविष्य में इसमें हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं को शामिल करने की योजना है। खास बात यह है कि इस तकनीक को ऐसे विकसित किया जा रहा है कि हर बार इंटरनेट या बाहरी सर्वर पर निर्भर रहने की जरूरत न पड़े।

प्रणाली खुद निर्देश को छोटे-छोटे चरणों में बांटेगी

यदि रोबोट को कहा जाए कि किसी वस्तु को उठाकर दूसरी जगह रख दो, तो उसे यह बताने की जरूरत नहीं होगी कि पहले वस्तु के पास जाना है, उसे पकड़ना है, उठाना है, दूसरी जगह ले जाना है और फिर रखना है।

‘इंस्ट्रक्ट 2 एक्ट’ प्रणाली खुद इस सामान्य निर्देश को छोटे-छोटे चरणों में बांटेगी और उसी आधार पर रोबोट की गतिविधियां तय करेगी।

भविष्य में इस तकनीक से लैस रोबोट घरों में सामान व्यवस्थित करने, सतह साफ करने, बोतल से दूसरे पात्र में तरल डालने और जरूरी वस्तुओं को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने जैसे काम कर सकते हैं।

इसके अलावा अस्पतालों में दवाएं और जरूरी सामान पहुंचाने, उद्योगों और भंडार गृहों में बार-बार किए जाने वाले कार्यों में भी इसका इस्तेमाल संभव है।

IIT मंडी ने दो साल तक किया शोध

यह शोध आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ कंप्यूटिंग एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में करीब दो साल तक चला। इस प्रक्रिया में इंस्ट्रक्ट 2 एक्ट, रोबोट एक्शन नेटवर्क और डायनामिक अडैप्टिव ट्रैजेक्टरी रेडियल नेटवर्क को एक साथ इस्तेमाल किया गया।

कैमरे की मदद से रोबोट आसपास की वस्तुओं और वातावरण को समझता है और उसके अनुसार अपनी गतिविधि तय करता है।

शोध के दौरान रोबोट को निर्देश समझाने के लिए 2,850 अंग्रेजी निर्देशों का समूह तैयार किया गया। इसमें रोबोट के 10 बुनियादी काम, 10 से अधिक प्रकार की वस्तुएं और पांच प्रमुख कार्य श्रेणियां शामिल थीं।

मॉडल को 570 ऐसे निर्देश भी दिए गए, जिन्हें उसने प्रशिक्षण के दौरान नहीं देखा था। इनमें मॉडल ने 91.5 प्रतिशत सटीकता के साथ यह पहचानने में सफलता हासिल की कि रोबोट को कौन-कौन से छोटे कार्य करने हैं। इसकी तुलना LSTM, BiLSTM सहित अन्य मॉडलों से भी की गई।

असली रोबोट पर 80 परीक्षण, 72 सफल

तकनीक को वास्तविक रोबोट पर भी परखा गया। रोबोट से चार तरह के कार्य करवाए गए—वस्तु उठाकर रखना, वस्तु को दूसरी जगह डालना, सतह पोंछना और वस्तु उठाकर पहुंचाना।

प्रत्येक कार्य के 20 परीक्षण किए गए। इस तरह कुल 80 परीक्षणों में 72 सफल रहे।

शोधकर्ताओं के अनुसार इंटरनेट उपलब्ध न होने वाले क्षेत्रों में भी यह तकनीक उपयोगी हो सकती है। अस्पतालों, उद्योगों और ऐसे स्थानों पर जहां लगातार नेटवर्क उपलब्ध रहना चुनौतीपूर्ण है, वहां इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

शोध टीम में ये लोग शामिल

इस शोध में अर्चित शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, जॉन रेबेरो, पीयूष ठाकुर, डॉ. नरेंद्र कुमार धर और प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा शामिल रहे।

यह शोध फिलहाल एआरएक्सआईवी पर पूर्व प्रकाशित शोधपत्र के रूप में उपलब्ध है और अंतिम पांडुलिपि शोध पत्रिका में भेजने के लिए तैयार है।

डॉ. नरेंद्र कुमार धर, सहायक प्रोफेसर, स्कूल ऑफ कंप्यूटिंग एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, आईआईटी मंडी के अनुसार तकनीक अभी शुरुआती शोध और परीक्षण के चरण में है।

अभी शुरुआती चरण में है तकनीक

शोधकर्ताओं के अनुसार इस तकनीक की तकनीकी परिपक्वता का स्तर 3-4 आंका गया है। व्यापक व्यावसायिक इस्तेमाल से पहले इसके विकास और परीक्षण के कई चरण अभी बाकी हैं।

बड़े स्तर पर इस्तेमाल के लिए अगले पांच से दस वर्षों तक विकास और परीक्षण की जरूरत हो सकती है। अगले चरण में शोधकर्ताओं का लक्ष्य अधिक निर्देशों और लंबे आदेशों को समझने की क्षमता विकसित करना है।

इसके साथ ही वस्तुओं की पहचान और उन्हें पकड़ने की विश्वसनीयता बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा। इसके बाद अस्पतालों, उद्योगों और घरों में बड़े स्तर पर इस तकनीक का परीक्षण किए जाने की योजना है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • IIT मंडी
  • रोबोटिक्स
  • तकनीकी विकास
  • हिंदी भाषा
  • इंस्ट्रक्ट 2 एक्ट
  • स्वचालन
  • उद्योग
  • अस्पताल

इस खबर को शेयर करें