मंडी।
डैहर क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक दंपती को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब पांच ग्राम चिट्टा बरामद किया है। हैरानी की बात यह है कि दंपती अपने तीन माह के दुधमुंहे बच्चे को घर पर छोड़कर पंजाब से नशा लेने गया था।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम सुंदरनगर थाना पुलिस की टीम डैहर के अलसू चौक पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार युवक और महिला से पूछताछ के दौरान पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद तलाशी लेने पर उनके बैग से करीब पांच ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुंदरनगर के कलोहड़ क्षेत्र निवासी दंपती के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों नशे के आदी हैं और अक्सर पंजाब से चिट्टा लाते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले का एक चिंताजनक पहलू यह भी सामने आया कि दंपती अपने तीन माह के बच्चे को घर पर छोड़कर नशा लेने पंजाब गया था। नशे की लत के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही थी और घर का कीमती सामान तक गिरवी रखा जा चुका है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दंपती केवल नशा सेवन तक सीमित था या चिट्टे की तस्करी में भी संलिप्त
था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। उधर, डीएसपी भारत भूषण ने चिट्टा पकड़ने की पुष्टि है।
यह घटना न केवल अपराध है बल्कि समाज के गिरते नैतिक मूल्यों और नशे की भयावहता का प्रमाण है। पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई तक जाने की कोशिश कर रही है ताकि मुख्य तस्करों तक पहुँचा जा सके।