कांगड़ा।
उपमंडल फतेहपुर के तहत ग्राम पंचायत पट्टा-जाटियां के पपलाह गांव की होनहार बेटी मनु चौधरी ने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट दृढ़ संकल्प से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मनु ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा आयोजित टीजीटी (मेडिकल) परीक्षा को अपने पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर सरकारी शिक्षिका बनने का गौरव हासिल किया है।
इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही पपलाह गांव और पूरे फतेहपुर क्षेत्र में जश्न का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
मनु चौधरी की शैक्षणिक यात्रा काफी प्रभावशाली रही है, जिसमें उन्होंने निरंतर उत्कृष्टता बनाए रखी। पहली से पांचवीं तक की पढ़ाई SVN मॉडल स्कूल, ऊना से की। छठी से बारहवीं तक की शिक्षा DAV सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऊना से पूरी की।
चौधरी सरवन कुमार एचपी कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से स्नातक (B.Sc.) की डिग्री हासिल की। वैष्णो ग्रुप ऑफ कॉलेज, थपकौर से B.Ed और हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला से M.Sc. (बॉटनी) की पढ़ाई पूरी की।
मनु चौधरी ने अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए बताया कि उन्होंने बंसल अकादमी से ऑनलाइन कोचिंग ली थी। उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की और मात्र 6 महीनों की गहन तैयारी के साथ अपने पहले ही प्रयास में कमीशन की परीक्षा को क्रैक कर लिया।
अपनी इस शानदार उपलब्धि पर मनु ने अत्यंत विनम्रता के साथ इसका श्रेय अपने परिवार और गुरुजनों को दिया है मेरी इस सफलता के पीछे मेरे पिता बलवीर सिंह (सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर), माता सुलक्षणा देवी और मेरे भाई पंकज चौधरी (SDO, जल शक्ति विभाग) का निरंतर सहयोग और प्रेरणा रही है। साथ ही मेरे गुरुजनों के सही मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था।
मनु की इस उपलब्धि पर फतेहपुर और पपलाह गांव के गणमान्य व्यक्तियों ने उनके घर जाकर बधाई दी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मनु की यह सफलता अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।