मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

एचआरटीसी में टायरों का संकट: हमीरपुर डिपो की 20 बसें बंद, कई रूटों पर बस सेवा प्रभावित

सार

हमीरपुर एचआरटीसी डिपो में टायरों की भारी कमी के कारण 20 बसें वर्कशॉप में खड़ी हैं। नए टायर नहीं मिलने से एक बस के टायर दूसरी बस में लगाकर संचालन किया जा रहा है। समस्या पूरे हिमाचल प्रदेश के एचआरटीसी डिपो में बनी हुई है।

2 मिनट
ए��चआरटीसी में टायरों का संकट: हमीरपुर डिपो की 20 बसें बंद, कई रूटों पर बस सेवा प्रभावित

डेढ़ महीने से नए टायरों की सप्लाई नहीं, एक बस के टायर दूसरी बस में लगाकर चलाया जा रहा संचालन; जल्द टायर मिलने की उम्मीद

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के हमीरपुर डिपो में इन दिनों टायरों की भारी कमी के कारण बस संचालन प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि एक रूट से लौटने वाली बस के टायर निकालकर दूसरी बस में लगाए जा रहे हैं, ताकि जरूरी रूटों पर बस सेवा जारी रखी जा सके।

डिपो में नए टायरों की उपलब्धता नहीं होने के कारण प्रबंधन को अस्थायी व्यवस्था के सहारे बसों का संचालन करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, पुराने टायरों की मरम्मत के लिए आवश्यक रबर भी वर्कशॉप में उपलब्ध नहीं है।

पूरे प्रदेश के एचआरटीसी डिपो में बनी हुई है समस्या

जानकारी के अनुसार यह समस्या केवल हमीरपुर डिपो तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के लगभग सभी एचआरटीसी डिपो टायरों की कमी से जूझ रहे हैं। पिछले करीब डेढ़ महीने से किसी भी डिपो में नए टायरों की सप्लाई नहीं हुई है, जिससे बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

20 बसें बंद, रोजाना कई रूट प्रभावित

टायरों की कमी के चलते हमीरपुर डिपो की करीब 20 बसें वर्कशॉप में खड़ी कर दी गई हैं। इसके कारण प्रतिदिन 5 से 6 बस रूट प्रभावित हो रहे हैं। सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ रहा है, जहां कई रूटों पर यात्रियों को बस सेवाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

बसों के संचालन में आई इस बाधा से एचआरटीसी को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। अनुमान के मुताबिक एक बस के बंद रहने से निगम को प्रतिदिन लगभग 5 से 6 हजार रुपये का नुकसान हो रहा है।

जल्द नए टायर मिलने की उम्मीद

हमीरपुर जोन के डिविजनल मैनेजर (डीएम) राजकुमार पाठक ने बताया कि टायरों की कमी के कारण बसों का नियमित संचालन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि यह समस्या पूरे प्रदेश के एचआरटीसी डिपो में सामने आई है।

उन्होंने बताया कि नए टायरों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शिमला मुख्यालय से इसकी सूचना भी मिल गई है। ऐसे में जल्द ही नए टायर उपलब्ध होने की उम्मीद है, जिससे बस सेवाएं सामान्य हो सकेंगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें