मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की विकास परियोजनाओं की रखी आधारशिला, एसएफआई और गैर शिक्षण कर्मचारियों ने मांगों को लेकर सौंपे ज्ञापन।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के 57वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ना बेहद जरूरी है। डिजिटल लाइब्रेरी के शुरू होने से विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को अध्ययन व शोध कार्य के लिए बेहतर डिजिटल संसाधन उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उद्देश्य यह है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर शोध सुविधाएं और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हो सकें।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार डिजिटल लाइब्रेरी में छात्रों और शोधार्थियों को ई-जर्नल, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, शोध पत्रों और अन्य डिजिटल संसाधनों तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे शोध कार्यों को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों को नई सुविधाएं मिलेंगी।
समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
स्थापना दिवस समारोह में शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम को देखते हुए परिसर में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे।
एसएफआई ने छात्र हितों को लेकर सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर छात्र हितों से जुड़े कई मुद्दे उठाए।
एसएफआई ने विश्वविद्यालय में कथित अवैध शिक्षक नियुक्तियों की जांच करवाने, छात्र संघ चुनाव बहाल करने और लंबित छात्र मांगों को पूरा करने की मांग की।
संगठन ने शिक्षकों के खाली पदों को भरने, छात्रावास सुविधाओं में सुधार, पुस्तकालय विस्तार और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी रखी।
गैर शिक्षण कर्मचारियों ने भी उठाईं मांगें
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गैर शिक्षण कर्मचारियों ने भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
कर्मचारियों ने रिक्त पदों पर जल्द भर्ती, लंबित एरियर का भुगतान और सेवा संबंधी मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग उठाई। उनका कहना था कि कर्मचारियों की कमी के कारण प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ रहा है।
कर्मचारियों ने सरकार से इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का आग्रह किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube