नेपाली मूल की 43 वर्षीय महिला की मौके पर मौत, साथ मौजूद युवक घायल; फॉरेंसिक जांच के बाद साफ होगी घटना की वास्तविक स्थिति।
जिला सोलन के दियुंघाट क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई एक महिला की मौत की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
घटना में नेपाली मूल की 43 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 28 वर्षीय युवक घायल हुआ है। युवक शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दोनों देर रात दियुंघाट के समीप सड़क किनारे मौजूद थे। इसके बाद अचानक दोनों नीचे गहरी ढांक में जा गिरे। हादसे में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवक को मामूली चोटें आईं।
घटना की जानकारी भी घायल युवक ने ही पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव व जांच की कार्रवाई शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक एस.डी. वर्मा ने बताया कि अभी महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
घटना को लेकर उठ रहे कई सवाल
हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है, लेकिन घटना को लेकर कई सवाल सामने आ रहे हैं—
दोनों देर रात दियुंघाट में सड़क किनारे क्यों मौजूद थे?
महिला और युवक के बीच क्या संबंध था?
दोनों किन परिस्थितियों में ढांक में गिरे?
क्या यह केवल पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने का मामला था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है?
इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे।
पहले भी चर्चा में रहा है दियुंघाट-नगाली क्षेत्र
दियुंघाट-नगाली क्षेत्र पहले भी गंभीर घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। हाल ही में इसी इलाके में एक महिला की हत्या कर शव सड़क से नीचे फेंकने का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने बाद में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा क्षेत्र में समय-समय पर संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
स्थानीय लोगों ने बढ़ाई रात्रि गश्त की मांग
लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि रात के समय नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।
फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube