मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल निकाय चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों पर BJP सख्त: महासू के जिला कार्यालय सचिव निलंबित

सार

हिमाचल प्रदेश में चल रहे पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।

2 मिनट
हिमाचल निकाय चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों पर BJP सख्त: महासू के जिला कार्यालय सचिव निल��ंबित

शिमला

हिमाचल प्रदेश में चल रहे पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने संगठनात्मक जिला महासू के कार्यालय सचिव सतविन्द्र सिंह के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

पार्टी ने उन्हें उनके मौजूदा दायित्व से मुक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ठियोग नगर परिषद चुनाव के दौरान मिली थीं शिकायतें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठियोग नगर परिषद चुनाव के दौरान सतविन्द्र सिंह के खिलाफ अधिकारिक उम्मीदवारों के विरोध में काम करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने की गंभीर शिकायतें प्रदेश मुख्यालय को प्राप्त हुई थीं।

इन शिकायतों के आधार पर मामले को तुरंत भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति के सुपुर्द किया गया। अनुशासन समिति ने प्राप्त साक्ष्यों और शिकायतों पर गहन विचार-विमर्श करने के बाद इसे घोर अनुशासनहीनता का मामला माना।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की बड़ी कार्रवाई

अनुशासन समिति की रिपोर्ट और कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने त्वरित एक्शन लिया है। संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर इसे भंग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

अनुशासन समिति की सिफारिशों के आधार पर सतविन्द्र सिंह को महासू जिला कार्यालय सचिव के पद से कार्यमुक्त करते हुए पार्टी से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।

संगठन को दिया कड़ा संदेश

निकाय चुनाव के ऐन वक्त पर की गई इस बड़ी कार्रवाई के जरिए भाजपा आलाकमान ने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एक स्पष्ट और कड़ा संदेश दे दिया है। पार्टी नेतृत्व ने दो टूक कहा है कि चुनाव में अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वाले या संगठन की साख को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इसके साथ ही पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की मर्यादा और तय अनुशासन के भीतर रहकर चुनावी कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया है।

इस खबर को शेयर करें