मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में बसेंगे 3 नए आधुनिक शहर; 'लैंड पूलिंग' के जरिए 1 साल में शुरू होगा 'हिम चंडीगढ़' प्रोजेक्ट

सार

हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में शहरीकरण, आवास और औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए एक मेगा प्लान पर काम कर रही है।

3 मिनट
हिमाचल में बसेंगे 3 नए आधुनिक शहर; 'लैंड पूलिंग' के जरिए 1 साल में शुरू होगा 'हिम चंडीगढ़' प्रोजेक्ट

शिमला।

हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में शहरीकरण, आवास और औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए एक मेगा प्लान पर काम कर रही है। शनिवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में हुई हिमुडा (HIMUDA) की समीक्षा बैठक में प्रदेश में तीन नए आधुनिक शहर विकसित करने का बड़ा फैसला लिया गया।

इन शहरों में 'हिम चंडीगढ़', 'हिम पंचकूला' और कांगड़ा में एक नई अत्याधुनिक सिटी शामिल है, जहाँ वैश्विक स्तर की हाईटेक सुविधाएं मुहैय्या करवाई जाएंगी। सरकार ने इस साल हिमुडा का अपेक्षित टर्नओवर ₹250 करोड़ से अधिक रखने का लक्ष्य रखा है, जो कि पिछले वर्ष के ₹125 करोड़ के मुकाबले सीधा दोगुना है।

अंतरराष्ट्रीय सलाहकारों की ली जाएगी सेवा, एक साल में धरातल पर उतरेगा काम

कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि इन नए शहरों (Townships) को ग्लोबल स्टैंडर्ड पर विकसित करने के लिए सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर के सलाहकारों (International Consultants) की सेवाएं लेने जा रही है।

उन्होंने भरोसा जताया कि बेहद महत्वपूर्ण 'हिम चंडीगढ़' प्रोजेक्ट पर आगामी एक वर्ष के भीतर धरातल पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इन शहरों का लेआउट और बुनियादी ढांचा पूरी तरह आधुनिक और हाई-टेक होगा।

इसके साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर जनता का रिस्पॉन्स बेहद सकारात्मक है और कांग्रेस पार्टी पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार कहीं ज्यादा मजबूत प्रदर्शन करते हुए बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी।

जमीन की कमी दूर करने के लिए 'लैंड पूलिंग' नीति पर फोकस

राज्य में उद्योगों और हाउसिंग के लिए जमीन की कमी को स्वीकार करते हुए मंत्री ने कहा कि फिलहाल हिमुडा के पास करीब 7,000 बीघा जमीन उपलब्ध है, लेकिन बड़े प्रोजेक्ट्स के लिहाज से यह काफी नहीं है क्योंकि इसका ज्यादातर हिस्सा सिर्फ बद्दी क्षेत्र में केंद्रित है।

अन्य स्थानों पर मात्र 200 से 300 बीघा जमीन ही है, जो औद्योगिक जरूरतों के लिए बेहद कम है। इस जटिल प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सरकार दो रणनीतियों पर काम कर रही है।

पहली— जमीन मालिकों के साथ आपसी सहमति से तय दरों पर भूमि खरीदना, और दूसरी— जमीन मालिकों को प्रोजेक्ट में भागीदार बनाकर 'लैंड पूलिंग' नीति के माध्यम से सुचारू अधिग्रहण करना। वर्तमान में सिरमौर, बिलासपुर, कुल्लू-मंडी और कांगड़ा में नई हाउसिंग कॉलोनियों और इंडस्ट्रियल एरिया के लिए भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से जारी है।

ईरान-अमेरिका संकट और ईंधन की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरा

समीक्षा बैठक के बाद राजेश धर्माणी ने तेल और डीजल के दामों में हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले संकटों को लेकर केंद्र सरकार समय रहते कदम उठाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दूरदर्शिता की तारीफ करते हुए कहा कि वे लंबे समय से ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष और 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' की नाकेबंदी के आर्थिक प्रभावों को लेकर सरकार को सचेत कर रहे थे, लेकिन सरकार ने इसे हमेशा राजनीतिक चश्मे से देखा।

धर्माणी ने प्रधानमंत्री को नसीहत दी कि राहुल गांधी के सुझावों को राजनीतिक विरोध न मानकर गंभीरता से लिया जाना चाहिए था, ताकि आज देश की जनता को पेट्रोलियम उत्पादों की बेतहाशा महंगाई और जरूरी चीजों की किल्लत से न जूझना पड़ता।

इस खबर को शेयर करें