देहरादून I
हिमाचल आइस एसोसिएशन द्वारा उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित सात दिवसीय आइस स्केटिंग प्रशिक्षण शिविर एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आज संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नन्हे और युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बेहतर प्रदर्शन के दम पर जिला शिमला ने सर्वाधिक पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
इस विशेष प्रशिक्षण शिविर और प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सात आयु वर्गों के कुल 46 बच्चों ने भाग लिया। इसमें मुख्य रूप से किन्नौर, शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों के प्रतिभागियों ने शिरकत की।
प्रतियोगिता में जिला शिमला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक हासिल किए, जिनमें 10 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक विजेताओं का विवरण इस प्रकार है।
पुरुष वर्ग:
स्वर्ण पदक: मोक्ष (सीनियर), समर्थ (जूनियर-बी), हार्दिक ठाकुर (जूनियर-सी), अनिरुद्ध चंदेल (जूनियर-डी), रुद्र वीर (जूनियर-ई), तनिष्क चौहान (जूनियर-एफ)।
रजत पदक: राघव शर्मा (जूनियर-ए), यशिश नेगी (जूनियर-सी), अरव जगटा (जूनियर-डी), आरव (जूनियर-ई), शौर्य (जूनियर-एफ)।
कांस्य पदक: विख्यात कँवर (जूनियर-बी), रेयांश (जूनियर-सी), आभास (जूनियर-डी)।
महिला वर्ग:
स्वर्ण पदक: जुवेन (सीनियर), इप्सिता राणा (जूनियर-ए), श्रनया शर्मा (जूनियर-सी), आराध्या शर्मा (जूनियर-डी)।
रजत पदक: वन्या (जूनियर-सी), स्वरांजली (जूनियर-ई)।
सात दिवसीय खेल कैंप के दौरान खिलाड़ियों को भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षकों— सुबोध पाटिल, श्रीकांत, रैना और राहुल— ने आधुनिक तकनीक और बारीकियों का प्रशिक्षण दिया।
समापन समारोह के अवसर पर खेल विभाग उत्तराखंड के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन ने इस सफल आयोजन के लिए भारतीय आइस स्केटिंग के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा और उनकी पूरी टीम का धन्यवाद किया। इस मौके पर हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन लाल ठाकुर, उपाध्यक्ष प्रदीप कंवर, शिमला आइस स्केटिंग के अध्यक्ष इक्ष्वाकु जस्टा और सहयोगी कोच रविन्द्र वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।